भारतीयता की भावना के साथ नेट मित्रों को जगमग छत्‍तीसगढ़ से परिचित कराने हेतु एक प्रयास. इस ब्‍लाग में आपका एवं आपके टिप्‍पणियों का स्‍वागत है.

2009/11/10

छत्तीसगढ़ी नाचा के दधीचि दुलारसिंह साव मदराजी

देवासुर संग्राम में देवों के विजय के लिए दधीचि ने हड्डीयों का दान दिया था । वैसे ही छत्तीसगढ़ी लोकमंच की अंत्यन्त लोकप्रिय विधा नाचा के लिए दुलारसिंह साव मदराजी ने भी इसी परंपरा में अपना सर्वस्व होम कर दिया था । लोकमंच के संवर्धनकर्त्ता दाऊओं में दुलारसिंह साव मदराजी ही अकेले उदाहरण हैं जो सौ एकड़ जमीन के मालिक के रूप में मंच पर आये और चालीस वर्ष मंच पर रोशनी बिखरने के बाद जब इस लोक से विदा हुए तो - सिंकदर जब गया दुनियां से दोनों हाथ खाली थे ।

मदराजी दाऊ सर्वस्व अर्पित करने वाले महान भक्तों की परंपरा के छत्तीसगढ़ी कलाकार थे । वे ही सबसे पहले हारमोनियम लेकर छत्तीसगढ़ी लोकमंच पर अवतरित हुए । वे स्वयं विलक्षण हारमोनियम वादक थे । जीवन की संध्या में जब बारी बारी सब साथ छोड़ गये तब भी उनके पास हारमोनियम रह गया । जमीन-जायदाद सब लुट गए रह गया हारमोनियम । उस्ताद वादक कलाकार मदराजी दाऊ अंतिम दिनों में छोटे छोटे नाचा दलों में हारमोनियम बजाते थे । वह भी अनुरोध के साथ । बुलवाराम, ठाकुरराम, बोड़रा जैसे महान नाचा कलाकारों को एक जगह रिंगनी रवेली साज के मंच पर एकत्र कर मदराजी दाऊ ने नाचा का वो रिंगनी रवेली साज खड़ा किया कि छत्तीसगढ़ दीवाना हो गया । ‘तोला जोगी जानेंव रे भाई तोला साधू जानेंवगा ..... राजा लंकापति रावन ला मंय साधू जानेंव ‘ यह अमर गीत उन्हीं के मंच पर गूंजा । बुलवा राम यादव परी बनकर जब यह गीत गाते थे तब सीता पर आई विपत्ती का चित्र शब्द और ध्वनि से कुछ इस तरह मंच पर खिंच जाता था कि स्त्रियां विलाप कर उठतीं ।

बुलवाराम ने यही गीत बाद में विश्व के कई देशों में जाकर गाया और भरपूर मान प्राप्त किया । बुलवाराम को राज्य शासन ने २००४ में मंदराजी सम्मान दिया ।

मदराजी दाऊ वचन के पक्के थे । एक अवसर पर वे नाचा प्रस्तुति के लिए नारियल झोंक कर वचन दे बैठे । बच्चा बीमार था । ठीक प्रस्तुति के लिए निर्धारित दिन बच्चा चल बसा । बच्चे की लाश को घर में छोड़कर वे उस गांव तक गए जहाँ प्रस्तुति देनी थी । रात भर हारमोनियम बजाने के बाद वे सुबह रोते हुए घर आये । तब लोगों ने जाना की विरागी राजा जनक ही नहीं थे हमारे लोकमंच के पुरोधा भी वीत रागी हैं ।

इस विलक्षण कलाकार की स्मृति में छत्तीसगढ़ शासन ने दो लाख का पुरस्कार घोषित कर सही निर्णय लिया । जो कला के लिए सब कुछ लुटाकर फकीर हो गए उनके नाम पर ईनाम से मालामाल होकर प्रतिवर्ष एक कलाकार दो लाख धारी बनता है । जीवन भर वे मंच पर थिरकते कलाकारों के हित के लिए छायादार वृक्ष की तरह तने रहे जाने के बाद भी उनका परोपकारी स्वरूप विस्तारित होता जा रहा है ।

हम साया पेड़ जमाने के काम आये,
जब सूख गए तो जलाने के काम आये ।

मदराजी दाऊ का रिंगनी रवेलीसाज १९२८ में खड़ा हुआ । १९५३ तक वह चला । हारमोनियम के साथ मदराजी दाऊ चिकारा, तबला वादक एवं गायन में भी सिद्ध थे । मशाल नाच में वे चिकारा बजाते रहे । चिकारा बजाने वाले हाथों ने ही हारमोनियम को साधा और नाचा का नई ऊँचाई मिली ।

१९११ में ग्राम रवेली जिला राजनांदगांव में जन्में दाऊ मदराजी का निधन २४ दिसंबर १९८४ में हुआ । उनकी परंपरा को चंदैनी गोंदा के माध्यम से आज तक श्री खुमान साव सींच रहे हैं ।

डॉ. परदेशीराम वर्म

2009/11/09

द्विअर्थी साखियां व अन्‍य साखियां

द्विअर्थी साखियां - नाचा में यदा-कदा द्विअर्थी साखी का प्रयोग किया जाता है। सुनने में अश्लील लगते हैं किंतु भवार्थ स्पष्ट  करने पर अश्लीलता की परिधि से बाहर जाते हैं। नाचा में इस तरह की साखियां पहले कही जाती थी किंतु अब इसका प्रयोग नहीं किया जाता, अश्लीलता अशिष्टता से बचने के लिए। एक तो वैसे भी अभिजात्‍य वर्ग नाचा नाचा कलाकारों को अशिष्ट  कहता और हेय दृष्टि  से देखता है। आज पाश्चात्‍य प्रभावों से ग्रसित अभिजात्‍य शिष्ट  समाज की अशिष्टता अश्लीलता ही उसकी शिष्टता है। ब्‍लू फिल्म देखने के आदि शिष्ट  समाज को नाचा में अश्लीलता नजर आती है पर ब्‍लू फिल्मों में नहीं। कुछ द्विअर्थी साखियां-

छाती से छाती मिले, मिले पेट से पेट।
दूनों में रगड़सड़ होय, निकले सफेद-सफेद।।

उपरोक्त साखी में स्थूलत: एकाकार स्‍त्री- पुरुष की संभोग क्रिया का अर्थ आशातीत होता है। जबकि सूक्ष्मत: इसका भावार्थ चक्‍की से हैं। चक्‍की के दो पाट होते हैं दोनों में रगड़ होने पर आटा निकलता है।

मोर लम्भा तोर चेपटी, दूनों के एके रंग।
एक ऊपर एक खाल्हे, नई छूटे दूनों के संग।।

इस साखी में भी साधार: स्‍त्री-पुरूष के गुप्तांगों का अर्थ ध्‍वनित होता है, पर असाधार बात यह है कि इसमें कवेलू का र्व है। कवेलू दो तरह के होते हैं- एक लंबा (अर्द्धगोलाकार) दूसरा चपटा दोनों का रंग लाल होता है। चपटा कवेलू नीचे लंबा कवेलू ऊपर होता है। इस तरह ये दोनों साथ होते हैं।

तरी पेंदा ऊपर सीसा, मारे बीता-बीता।
मार मुरा के तैं संगी, पढ़ले रमायन गीता।।

प्रस्तुत साखी सुनने में अटपटा और अश्लील लगती है। किंतु यह पेट्रोमेक्‍स (गैस बत्‍ती) का भावार्थ लिए हुए हैं।
न्‍य साखियां - नाचा में और भी कई प्रकार की साखियां कही जाती है। जो वर्तमान संदर्भों में मानवीय क्रियाओं, मानवीय आवश्यकताओं से संबंधित है। लोक जो देखता है, सुनता है और अनुभव करता है वह ही उसकी साखी के विषय बनते हैं, इसलिए नाचा की साखी परंपरा में विविधता है-

देह तोर तिपे हे, तोला जर धरे हे का जी?
बोकोर-बोकोर देखथस मोला, खा देबे तैं का जी?

उपरोक्त साखी में बिल्ली गर्म रोटी को देखकर कहती है- तुम्हें बुखार है क्‍या? तब रोटी प्रतिप्रश्न करती है- तुम मुझे खा डालेगी क्‍या?

दूर देस तोर मईके, गांव-गांव ससुरार।
अलिन-गलिन गोसइंया, तोररोर लगवार।।

यह साखी बिजली से संबंधित है। बिजली जहां पैदा होती है वह उसका मायका (मैहर) है। गांव-गांव उनकी ससुराल है। गलियों- सड़कों के बिजली खंभे उसके स्वामी (पति) हैं। और प्रत्‍ये में उसके चाहरे वाले प्रेमी है।

मट मट करथस मटमटही, तोर माथ हीरा ठोकाय।
आखा-बाखा छोडके तैं, पूछी संख बजाय।

इस साखी में हवाई जहाज का चित्रण है। रात में जलने वाली त्‍ती उसके माथे का हीरा है। हवाई जहाज की आवाज पीछे सुनाई देती है। वहीं शंख ध्‍वनि।

डोकरा भागे लड़भड़ लईया,मोटियारी दमदमाय।
लईका भागे तुरतुर तुरतुर, पेटभरी तनियाय।।

लोक कलाकारों ने इस साखी में खाली ट्रक, मोटर, बस, जीपकार व भरी हुई ट्रक की गति की क्रमश: बूढे,जवान, लड़की, च्‍चों गर्भवती स्‍त्री के चलने की गति से तुलना की है। नाचा में साखी के माध्‍य से जोक्कड़ हास-परिहास त्‍पन्न कर दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। मनोरंजन का यह माध्‍य लोक की आभा को द्विगुणित करता है। शिष्ट  वर्ग भले ही अश्लील बातों को मनोरंजन का जरिया बनाये लेकिन लोक के पास तो मनोरंजन के अनेकों माध्‍य है। उसकी व्यापक पैनी दृष्टि  लोक के क्रिया व्यापारों में ही उसके लिए मनोरंजन और ज्ञानार्जन की सामग्री चुन लेती है। गम्मत प्रारंभ होने के पूर्व नाचा में साखी की परंपरा नाचा को उद्देश्य परक और लोकरंजक बनाती है। साखी परंपरा नाचा की अपनी नीजता है। उसका अपना वैशिष्‍ट्य है। इसके मूल में लोक का र्दीर्धकालीन अनुभव और अभिव्यक्ति का सुंदर समन्‍वय है।

डॉ. पीसीलाल यादव
संपर्क: 'साहित्‍य कुटीर`
गंडई पंडरिया जिला- राजनांदगांव (..)

मैं अकेला ही चला था जानिबे मंजिल